राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के चार अधिकारियों के तबादले

पटना, 6 अप्रैल । बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के चार अधिकारियों का तबादला किया गया है। जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है वो प्रभारी अंचल अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। इस संबंध में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है।

वर्तमान में मुंगेर के जमालपुर के प्रभारी अंचल अधिकारी जयप्रकाश को कटिहार के कुर्सेला का प्रभारी अंचल अधिकारी बनाया गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने हवेली खड़गपुर के राजस्व अधिकारी प्रीति कुमारी को प्रभारी अंचल अधिकारी मुंगेर सदर के पद पर पदस्थापित किया है। मुंगेर के बरियारपुर अंचल कार्यालय में राजस्व अधिकारी रवीना गुप्ता को प्रभारी अंचल अधिकारी बरियारपुर मुंगेर बनाया गया है।

इनके अलावा मुंगेर के धरहरा के अंचल कार्यालय की राजस्व अधिकारी स्मृति कुमारी को प्रभारी अंचल अधिकारी टेटिया बंबर मुंगेर और मुंगेर जमालपुर अंचल कार्यालय के राजस्व अधिकारी मोहम्मद अरशद मदानी को प्रभारी अंचल अधिकारी जमालपुर, मुंगेर बनाया गया है।

विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में एक अधिकारी के पूर्व में किये गये स्थानांतरण को निरस्त किया गया है। अधिसूचना में यह स्पष्ट किया गया है कि हवेली खड़गपुर मुंगेर के प्रभारी अंचल अधिकारी संतोष कुमार सिंह के लिए पूर्व में स्थानांतरण संबंधित सूचना को निरस्त किया जाता है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।