आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत, एक घायल

आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत, एक घायल

बेगूसराय, 23 मई ।बेगूसराय में मंगलवार की दोपहर बारिश के दौरान आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

घटना बीहट नगर परिषद के चकिया सहायक थाना क्षेत्र स्थित वार्ड संख्या-20 चकबल गांव की है। मृतक की पहचान किऊल गढ़हरा निवासी उमाशंकर महतो तथा गढ़हरा निवासी अरुण राम के रूप में की गई है। जबकि घायल व्यक्ति गढ़हरा निवासी शंभू साह है।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में कोहराम मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुटे हुए हैं। घायल की स्थिति भी काफी गंभीर बताई जा रही है। जिसे ठीक करने में चिकित्सकों की टीम जुटी हुई है। परिजनों के करुण क्रंदन से तीनों गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गढ़हरा निवासी शंभू साह चकबल गांव में घर बना रहा था। जहां कि राजमिस्त्री के रूप में उमा शंकर महतो एवं मजदूर के रुप में अरुण राम काम कर रहा था। इसी दौरान दोपहर में बारिश शुरू होने के दौरान आकाशीय बिजली गिर गया। जिसकी चपेट में तीनों आ गए।

जोरदार आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग दौड़े, उमा शंकर महतो एवं अरुण राम की मौत हो चुकी थी। जबकि शंभू साह झुलस कर बेहोश हो गया था। स्थानीय लोगों के प्रयास से उसे बरौनी के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया है।