सिंगल यूज प्लास्टिक से नालियां हो रही जाम

सिंगल यूज प्लास्टिक से नालियां हो रही जाम

धमतरी, 20 जुलाई । निकासी नालियों की सफाई नहीं होने के कारण नालियां जाम पड़ी हैं। इसके चलते वर्षा जल की निकासी बेहतर ढंग से नहीं हो रही है। निकासी नालियों को जाम करने में सबसे बड़ा हाथ सिंगल यूज प्लास्टिक यानी डिस्पोजल पालीथिन के उपयोग पर अब तक रोक नहीं लग पाना है। बाजार में यह आसानी से उपलब्ध है। नगर निगम की अपने स्तर पर कार्रवाई करता है लेकिन कार्रवाई का असर होता दिखाई नहीं देता। नगर निगम के विभिन्न वार्ड में बनाए गए निकासी नालियों में काफी मात्रा में कचरा जमा है। सिंगल यूज प्लास्टिक यानी डिस्पोजल पालीथिन के उपयोग पर रोक नहीं लग पाई है। सोरिद वार्ड की कई गलियों में इसे देखा जा सकता है। यही हाल राष्ट्रीय राजमार्ग 30 काली मंदिर के पास का है। यहां की नालियों सिंगल यूज प्लास्टिक से जाम है।

राष्ट्रीय राजमार्ग 30 से लगे शराब दुकान के पास निकासी नालियां जाम हैं। यहां संचालित खोमचों में प्रतिदिन काफी संख्या में डिस्पोजल फेंके जाते हैं, जिसका निष्पादन नहीं किया जा रहा है। शराब दुकान से लोग शराब खरीदते हैं और खोमचों में जाकर पीने लगते हैं। पीने के बाद इसे वहीं फेंक देते हैं। वर्षा ऋतु में निकासी नालियों के जाम होने से पानी का बहाव बेहतर ढंग से नहीं हो पा रहा है। नगर निगम द्वारा भी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसके चलते नालियां जाम हैं। डिस्पोजल को व्यवस्थित तरीके से फैलाने वालों पर भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। आबकारी विभाग द्वारा बड़े जोर शोर से अवैध रूप से संचालित को हटाने की बात कही जाती है, लेकिन आज तक यहां से एक भी दुकान नहीं हटाई गई है, जिसके चलते यहां सड़क के दोनों ओर दोपहर से ही मेला जैसा माहौल लगना शुरू हो जाता है। इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

खोमचों पर की जाए कार्रवाई

अवैध रूप से संचालित हो रहे खोमचों पर कार्रवाई की जाए। यहां काफी संख्या में सिंगल यूज प्लास्टिक फेंका जा रहा है। नालियां जाम हो रही है। इससे प्राकृतिक निकासी मार्ग जाम हो गए हैं। इस दिशा में निगम को प्राथमिकता से कार्रवाई करते हुए निकासी नालियों की सफाई करनी चाहिए। कचरा फैलाने वालों पर भी कार्रवाई की जाए। नगर निगम आयुक्त ने कहा कि नालियों की सफाई कराई जा रही है। सोरिद क्षेत्र में नगर निगम की टीम को भेजकर सफाई कराई जाएगी। साथ ही कचरा फैलाने वालोंपर कार्रवाई की जाएगी।