कोलकाता, 17 नवंबर । उत्तर 24 परगना जिले के आमडांगा में तृणमूल कांग्रेस के एक पंचायत प्रधान रूपचांद मंडल की हत्या के सिलसिले में शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। तीन अन्य लोगों को हिरासत में भी ले लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुरुवार शाम करीब सात बजे कामदेवपुर हाट में जब अमडांगा के तृणमूल कांग्रेस पंचायत प्रधान रूपचांद मंडल फोन पर किसी से बात कर रहे थे उसी समय हमलावरों ने उन पर बम फेंक दिया। उन्होंने बताया कि घायल मंडल को पहले एक स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और वहां से बारासात के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। हाल ही में दक्षिण 24 परगना जिले के जयनगर में एक अन्य तृणमूल पंचायत सदस्य की हत्या कर दी गयी थी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि कामदेवपुर हाट में हुई हत्या के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसका नाम मृतक के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में है। इसके अलावा तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। मंडल की मौत की खबर फैलने पर स्थानीय लोग और तृणमूल समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-34 को जाम कर दिया और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बैरकपुर के सांसद अर्जुन सिंह ने इलाके का दौरा किया और क्षेत्र में तनाव फैलाने के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी की मांग भी की। सिंह ने कहा कि यह सुनियोजित हत्या जान पड़ती है और पुलिस को गुनाहगारों का पता लगाना चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस प्रवक्ता जयप्रकाश मजूमदार ने संवाददाताओं से कहा कि भारतीय जनता पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल के ग्रामीण क्षेत्रों में आतंक का माहौल पैदा कर रही हैं।