आसमान में दिखा शुक्र और शनि का अनोखा मिलन

आसमान में दिखा शुक्र और शनि का अनोखा मिलन

भोपाल, 22 जनवरी । आसमान में रविवार शाम को एक अनोखी खगोलीय घटना घटी। इस दौरान शुक्र और शनि का अनोखा मिलन देखने को मिला। शाम को सूर्यास्त के ठीक बाद सौर मंडल का छठा ग्रह शनि एवं दूसरा ग्रह शुक्र जोड़ी बनाते दिखे। इनके बीच इतना कम अंतर दिख रहा था कि वे एक-दूसरे में समाये से दिख रहे थे।

भोपाल की नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि इस खगोलीय घटना को कनजक्शन ऑफ वीनस एंड सेटर्न कहते हैं। उन्होंने खगोल प्रेमी दर्शकों को इस घटना का अवलोकन कराया और इसके संबंध में वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी दी।

सारिका ने बताया कि हाईड्रोजन और हीलियम से बने शनि का एक दिन लगभग 10.7 घंटे का होता है, तो उसका एक साल पृथ्वी के 29 साल के कुछ अधिक होता है। इसके 82 चंद्रमा को खोजा जा चुका है। जिनमें से 53 की पुष्टि की जा चुकी है। वहीं, पृथ्वी का जुड़वा माने जाने वाला शुक्र आकार और घनत्व में तो पृथ्वी के समान है लेकिन पृथ्वी की तुलना में विपरीत घूमता है। शुक्र में सूर्योदय पश्चिम में होता है और पूर्व में अस्त होता है। इसका एक दिन पृथ्वी के 243 दिन के बराबर होता है और एक साल 225 दिन का होता है। इस कारण यहां दिन अपने साल से लंबा हो जाता है।