पटना में मेट्रो रेल परियोजना की टनल खुदाई का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

पटना, 7 अप्रैल । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मोइन- उल-हक स्टेडियम में पटना मेट्रो रेल परियोजना के लिए टनल बोरिंग मशीन का बटन दबाकर टनल खुदाई कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर मेट्रो रेल परियोजना के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को वृत्तचित्र के माध्यम से निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही मुख्यमंत्री के समक्ष पटना मेट्रो के निर्माण कार्य से संबंधित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाएं और जल्द से जल्द इसे पूरा करें। मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो के प्रतीक चिह्न का भी अनावरण किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट किया गया।

कार्यक्रम के पश्चात् पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री कुमार ने कहा कि मेट्रो ट्रेन कई जगहों पर जमीन के ऊपर एवं कहीं पर अंडरग्राउंड चलेगी। यहां पर मेट्रो स्टेशन भी जमीन के अंदर ही बनेगा। पिछले साल हमलोग यहां आकर अंडरग्राउंड कार्य को शुरु करवाये थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के समय मेट्रो का काम शुरु हुआ था। उस समय भी हम वहां के काम को देखा था। पटना मेट्रो रेल का निर्माण कार्य पूर्ण होने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग चाहते हैं कि तेजी से इसका निर्माण हो। इसको लेकर जो कुछ भी जरुरी है हमलोग कर रहे हैं। पटना में कई जगहों पर मेट्रो निर्माण का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए फंड की कोई कमी नहीं होगी। जायका से 60 प्रतिशत फंड आना है। इसको लेकर एग्रीमेंट हो गया है। केंद्र सरकार, राज्य सरकार और जायका से फंड मिल रहा है। सभी लोग मिलकर तेजी से काम कर रहे हैं।

पत्रकारों के कोरोना से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की प्रतिदिन की रिपोर्ट मेरे पास आती है। बिहार में अभी भी कोरोना को लेकर टेस्टिंग प्रतिदिन हो रही है। देश में 10 लाख की आबादी पर कोरोना की औसत जांच 6 लाख के करीब है, जबकि बिहार का 8 लाख से ज्यादा है। कोरोना संक्रमण का पटना समेत कई जिलों में असर फि बढने लगा है। इसको लेकर सभी को अलर्ट रहना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में कोरोना संक्रमण के कारण दो लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बिहार में एक सप्ताह पहले तक कोरोना की वैक्सीन लोगों को लगाई जा रही थी। अभी वैक्सीन खत्म होने से वैक्सीनेशन नहीं हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा केंद्र सरकार को चाहिए कि वह जल्दी से जल्दी वैक्सीन उपलब्ध कराये ताकि वैक्सीनेशन भी चलता रहे। वर्ष 2020 में कोरोना के शुरू से लेकर आजतक की कोरोना की प्रतिदिन की रिपोर्ट मेरे पास है। कोरोना से मौत होने पर उनके आश्रितों को बिहार सरकार चार लाख रुपये देती है। जिन पीड़ितों को अभी यह सहायता राशि नहीं मिली है, उन्हें भी जल्द मिल जायेगी।