बेगूसराय, 14 जून । राज्यसभा सदस्य प्रो. राकेश सिन्हा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने हर वर्ग का कल्याण किया। लोगों का मोदी एवं भाजपा के प्रति विश्वास और सुदृढ़ हुआ है। उन्होंने राहुल गांधी तथा 23 जून को पटना में होने वाले विपक्षी दलों की बैठक पर भी सवाल उठाए हैं।
अपने गृह जिला बेगूसराय प्रवास के दौरान आज राकेश सिन्हा ने कहा कि सभी सर्वेक्षण में रोज सामने आ रहा है कि नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता दिनों-दिन बढ़ रही हैं। देशवासी उन्हें स्थायित्व, विकास, समृद्धि और गरीबों की चिंता करने वाले के रूप में देख रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा चार सौ से अधिक सीट जीत रही है। नरेन्द्र मोदी एक बार फिर अपार बहुमत से प्रधानमंत्री बनेंगे।
भानुमति का कुनबा इस देश का ना नेतृत्व कर सकता है और ना ही स्थायित्व तो दे सकता है। देश की जनता 2014 की पूर्व की स्थिति में जाने को तैयार नहीं है। नरेन्द्र मोदी मनोभाव में छा गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राजनीति को विकास केंद्रित करना चाहते हैं लेकिन राहुल गांधी और गठबंधन के लिए राजनीति सिर्फ वोट बैंक पर केंद्रित करना चाहते हैं।
23 जून को बिहार में होने वाले विपक्षी दलों की बैठक पर राकेश सिन्हा ने कहा कि महागठबंधन यह बैठक कर बिहार का अपमान कर रही है। जिस बिहार में चाणक्य के दिशा निर्देशन में चंद्रगुप्त मौर्य ने साम्राज्यवाद की स्थापना की। उस धरती पर फारूक अब्दुल्ला जैसे लोग मंच साझा करने पहुंच रहे हैं, जो अपमान है।
धारा 370 को वापस लाने की बात करने वाले फारूक अब्दुल्ला और महबूब मुफ्ती बिहार बुलाकर महागठबंधन इस पावन भूमि का अपमान कर रही है। महागठबंधन बिखराव के रास्ते पर चल चुकी है। बिहार में तेजस्वीवाद चल रहा है, लालू यादव अपने पुत्र को बढ़ाने में लगे हुए हैं तो नीतीश कुमार उन्हें अपने से नीचे रखने में लगे हुए हैं।
राकेश सिन्हा ने कहा कि एक समय ऐसा था जब भारत के लोग विदेश जाते थे तो अपने देश की अस्मिता को समृद्ध करते थे। लेकिन राहुल गांधी विदेश जाकर उन ताकतों को समृद्ध करते हैं जो भारत की समृद्धि और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को हजम नहीं कर पा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मजबूर भारत को मजबूत भारत बताया।
लेकिन राहुल गांधी भारत को मजबूर देखने वाले लोगों को बढ़ावा दे रहे हैं। वे पेरिस और लंदन में बैठे हुए ब्रेकिंग इंडिया गैंग को ताकत देते हैं। जिस ब्रेकिंग इंडिया गैंग को मजबूर से भारत का मजबूत बनना पसंद नहीं आ रहा है। भारत में पारदर्शिता के अभाव के कारण विदेशी निवेश नहीं होता है। लेकिन आज दुनिया का हर देश भारत में निवेश करना चाहता है।
ट्रांसपेरेंसी के इंडेक्स में भारत बहुत नीचे और करप्शन के इंडेक्स में उच्चतम पायदान पर था। लेकिन नरेन्द्र मोदी ने ट्रांसपेरेंसी को ऊपर करके करप्शन को धरातल में मिला दिया। भारत की अस्मिता पर जमी धूल मिट्टी को मोदी ने हटाया। राहुल गांधी कैंब्रिज विश्वविद्यालय जाकर बताते हैं कि भारत में लोकतंत्र नहीं है।
यह बात वह बता रहा है जिसके इशारे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सदन के पिछले सत्र में बोलने नहीं दिया गया। साक्षात्कार में प्रधानमंत्री के लिए असभ्य और बर्बर शब्दों का प्रयोग करने वाले कहते हैं कि भारत में लोकतंत्र नहीं है। वह बताएं कि लोकतंत्र की परिभाषा क्या होती है। राहुल गांधी द्वारा भाजपा पर किया गया हमला भाजपा के लिए फायदेमंद है।