वॉक फोर बेगूसराय के साथ हो गया दो दिवसीय बिहार दिवस का शुभारंभ

वॉक फोर बेगूसराय के साथ हो गया दो दिवसीय बिहार दिवस का शुभारंभ

बेगूसराय, 22 मार्च । दुनिया को पहला लोकतंत्र देने वाले बिहार ने अपने स्थापना के स्वर्णिम गौरवशाली 111 वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर युवा शक्ति बिहार की प्रगति थीम पर दो दिवसीय बिहार दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। बेगूसराय में कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी एवं वॉक फोर बेगूसराय से किया गया। इस अवसर पर शहर से लेकर गांव तक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।

मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय में आयोजित किया गया। जहां पुलिस लाइन से गांधी स्टेडियम प्रभात फेरी और वॉक फोर बेगूसराय का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीएम रोशन कुशवाहा एवं एसपी योगेन्द्र कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। प्रभात फेरी का संचालन शिक्षक उमेश मिश्रा ने किया। पुलिस लाइन से शुरू प्रभात फेरी लोहिया नगर, फ्लाईओवर, स्वामी विवेकानंद चौक (ट्रैफिक चौक), आंबेडकर चौक, कचहरी चौक, कैंटीन चौक होते हुए गांधी स्टेडियम पहुंचा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि 22 मार्च बिहार के लिए बहुत ही विशेष दिन है। जब अंग्रेजी हुकूमत थी तो आज ही के दिन बंगाल से अलग कर बिहार का निर्माण किया गया। आज का स्वरूप देखें तो उड़ीसा और झारखंड भी बिहार का हिस्सा था। बिहार हमेशा से बहुत महत्वपूर्ण रहा है, हमेशा से गौरवशाली रहा है। रामायण, बाल्मीकि, विश्वामित्र, गौतम बुद्ध के समय से बिहार देश-दुनिया में चर्चित रहा। विक्रमशिला और नालंदा विश्वविद्यालय विदेश तक चर्चित था। यहां चंद्रगुप्त, चाणक्य, कौटिल्य रहे, बिहार के ही आर्यभट्ट ने दुनिया को शून्य दिया।

उन्होंने कहा कि बिहार के गौरवशाली इतिहास की चर्चा की जाए तो पूरे दिन में भी खत्म नहीं होगा। इसको जानने, समझने और देखने में लंबे समय की जरूरत पड़ जाएगी। हम सब को गर्व के साथ बिहार को आगे ले जाना है। बेगूसराय में संग्रहालय सहित अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर बच्चों को ले जा रहे हैं। उनको बता रहे हैं, आगे बढ़ा रहे हैं, उनके भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। जिस तरीके से हमारे पूर्वजों ने इस राज्य और देश को आगे बढ़ाने में योगदान दिया। उसी तरह हम भी योगदान देते रहने का संकल्प लें। अथक परिश्रम करते रहें, समाज, राज्य और देश को विकास के रास्ते पर आगे ले जाते रहें।

एसपी योगेन्द्र कुमार ने कहा कि आज ही के दिन बिहार राज्य की स्थापना हुई थी। बिहार का गौरवशाली इतिहास सबको पता है। स्थापना से लेकर आज तक हमारा बिहार प्रगति के पथ पर अग्रसर है और आगे भी बहुत प्रगति करना है। इसमें बच्चों को भी महत्वपूर्ण योगदान देना है। बच्चों को अपने भविष्य के लिए, राज्य और देश के भविष्य के लिए सदा आगे बढ़ते रहना है। इसी कार्य में लगाना है, सच मायने में यही आपके परिवार और राज्य की प्रगति में आपका योगदान होगा।