ग्रामीण सफाई कर्मियों ने सरकार को दी चेतावनी, मांगें न मानने पर 1 से अनिश्चितकाल हड़ताल

ग्रामीण सफाई कर्मियों ने सरकार को दी चेतावनी, मांगें न मानने पर 1 से अनिश्चितकाल हड़ताल

यमुनानगर, 11 अक्टूबर । भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की बैठक में हरियाणा सरकार की वादा खिलाफी को लेकर ग्रामीण सफाई कर्मचारियों में भारी रोष जताया। संघ ने चेतावनी दी कि सरकार ने यदि उनकी मांगें नहीं मानी तो सभी कर्मचारी 1 नवंबर 2023 से अनिश्चितकाल हड़ताल पर चले जाएंगे।

ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की एक बैठक बुधवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सामने नई अनाज मंडी गेट जगाधरी पर हुई। बैठक में सफाई कर्मचारियों ने फैसला लिया कि अगर 30 अक्टूबर 2023 तक सफाई कर्मचारियों की मांगें नहीं मानी गईं तो सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 1 नवंबर 2023 से अनिश्चितकाल हड़ताल पर जाएंगे। इसके लिए जिम्मेदार प्रशासन और हरियाणा सरकार होगी। उन्होंने कहा कि हमारी मुख्य मांगें हैं कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश की तर्ज पर पक्का किया जाए। कर्मचारियों की मृत्यु उपरांत परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए व परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को मकान ऋण, विवाह ऋण का लाभ दिया जाए। चार सौ की आबादी पर नए सफाई कर्मचारी की भर्ती की जाए। अनुभव के आधार पर सफाई कर्मचारियों में से ही एक सुपरवाइजर नियुक्त किया जाए।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार सफाई कर्मचारियों को पक्का करे और उनको 26 हजार रुपये का वेतन दिया जाए। इस मौके पर प्रदेश महासचिव राजेश कुमार सहित सभी सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।