केपटाउन। रूस को हथियार आपूर्ति के आरोपों से दक्षिण अफ्रीका ने साफ इनकार किया है। दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने इसके लिए एक स्वतंत्र जांच का हवाला दिया है।
वर्ष 2022 की मई में दक्षिण अफ्रीका में अमेरिका के उच्चायुक्त रूबेन ब्रिगेटी ने रूली जहाज लेडी आर के दक्षिण अफ्रीका तट पर खड़े होने का दावा करते हुए रूस को हथियार आपूर्ति से जुड़े आरोप लगाए थे। ब्रिगेटी द्वारा किए गए दावों की सत्यता के बारे में पता लगाने के लिए रामाफोसा ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश फिनीश मोजापेलो की अध्यक्षता में जांच समिति बनाई थी। अब राष्ट्रपति रामाफोसा ने बताया कि जांच समिति की रिपोर्ट में इन आरोपों के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला। लेकिन इन आरोपों के कारण दक्षिण अफ्रीका की अर्थव्यवस्था पर हानिकारक प्रभाव पड़ा।
देश को संबोधित करते हुए रामाफोसा ने कहा कि जांच समिति को इस बात का कोई सबूत नहीं मिला कि लेडी आर जहाज पर हथियार लदे हुए थे। न ही जांच समिति को इस बात का कोई सबूत मिला कि हथियारों से लदा कोई रूसी जहाज दक्षिण अफ्रीका से रूस की ओर जा रहा हो। रिपोर्ट के अनुसार, साइमनस्टाउन में खड़ा वह जहाज रूसी नहीं था। 2018 में अफ्रीकी राष्ट्रीय रक्षा बल के हथियारों के लिए आर्म्सकोर को ऑर्डर दिया गया था, जिसके वितरण के लिए ही जहाज वहां खड़ा था।
ब्रिगेटी का नाम लिए बिना राष्ट्रपति ने कहा कि जिन संस्थाओं और व्यक्तियों ने यह दावा किया था, उन्हें भी जांच के दौरान साक्ष्य पेश करने के लिए बुलाया गया था लेकिन वह कोई भी साक्ष्य पेश नहीं कर सके।