भोपाल, 31 अगस्त । मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर-ममलेश्वर के मंदिर के आसपास ओंकार पर्वत पर अध्यात्म लोक एकात्म धाम विस्तार ले रहा है। यहां आदि गुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा होगी। इसके लिए 54 फीट का आधार स्तंभ तैयार होने को है। शीघ्र ही इस प्रतिमा का अनावरण होगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है।
मुख्यमंत्री चौहान ने गुरुवार को ट्वीट करते हुए कहा कि आचार्य शंकर की ज्ञानभूमि ओंकारेश्वर को एकात्मता के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां निर्मित हो रहे एकात्म धाम में भगवान शंकर की 108 फीट की प्रतिमा का शीघ्र ही अनावरण होने जा रहा है। आइये, एकात्म धाम प्रकल्प से जुड़कर इस अभूतपूर्व तथा ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें।
उन्होंने कहा कि आप भव्य एवं पावन एकात्म धाम का अवलोकन करने के लिए आचार्य शंकर की ज्ञानभूमि ओंकारेश्वर अवश्य पधारें। निस्संदेह, एकात्मधाम सनातन धर्म की अच्छाइयों की अभिव्यक्ति के साथ-साथ आचार्य शंकर की जीवन-यात्रा, मानव समाज के उत्थान में उनके अहम योगदान और उनकी शिक्षाओं के माध्यम से अद्वैत वेदांत का संदेश देता है।
गौरतलब है कि आदि गुरु शंकराचार्य ने भारत की तीन बार परिक्रमा की। आचार्य शंकर ने मानव हित में अद्वैत वेदांत का प्रसार किया था। इस महान दार्शनिक संत ने अपनी ज्ञानभूमि ओंकारेश्वर से समस्त भारत-भ्रमण का मन बनाया था। इस एकात्मधाम में आदि गुरु शंकराचार्य के जीवन दर्शन को बताने वाला संग्रहालय, अद्वैत वेदांत सिद्धांत के अध्ययन के लिए संस्थान भी होगा। ओंकार पर्वत पर एकात्मधाम यानी एकात्मता की प्रतिमा स्थापित होगी। इसे स्टैच्यू ऑफ वननेस नाम दिया गया है। यहां प्रशिक्षण एवं सूचना केंद्र, अभय घाट, संन्यास और गुफा मंदिर सहित 35 हजार पेड़ों का वन विहार होगा। अन्नपूर्णा मंदिर, पंचायत मंदिर के साथ ओम स्तंभ, कला, प्रदर्शनी जैसी अद्भुत रचनाओं का विस्तार किया जाएगा। अद्वैत वेदांत का सार, मानव अस्तित्व में एकात्मता का महत्व जैसे अनेक सात्विक एवं सार्थक तथ्यों को जानकारी एकात्म धाम में मिलेगी।