भोपाल, 29 जून । राजधानी में आज ईद-उल-अजहा उत्साह के साथ मनाई जा रही है। सुबह 7 बजे ईदगाह पर मुख्य नमाज हुई। इसके बाद अन्य मस्जिदों में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया है।
गुरुवार सुबह ईदगाह पर हजारों नमाजियों ने सुबह 7 बजे से एकसाथ ईद उल अजहा की नमाज पढ़ी और देश-दुनिया में अमन-चैन की दुआ मांगी। नमाज से पहले शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने तकरीरें पेश कीं। शहर की ताज उल मसाजिद में सुबह 7.30 बजे, मोती मस्जिद में सुबह 7.45 बजे और जामा मस्जिद में सुबह 7.15 बजे, मस्जिद बिलकिस जहां आरिफनगर में सुबह 8 बजे नमाज पढ़ गई। इसके अलावा अन्य मस्जिदों में भी नमाज-ए-ईद अदा की गई। ईद को लेकर मुस्लिमजनों में उत्साह का माहौल है। नमाज के बाद कुर्बानी का दौर शुरू हो गया है।
ईदगाह पर हुई मुख्य नमाज के बाद शहर के कई इलाकों में जाम की स्थिति बन गई। ईदगाह हिल्स की ओर जाने वाले सभी रास्तों के साथ हमीदिया अस्पताल के बाहर भी जाम की स्थिति बनी। लालघाटी से लेकर वीआईपी रोड, पीरगेट, शाहजहांनाबाद सहित कई इलाकों में जाम लगता रहा। हालांकि, पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया था। इस कारण लोग दूसरे रास्तों से गुजरे।
वक्फ बोर्ड ने जारी की एडवाइजरी
ईद पर कुर्बानी को लेकर मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें कुर्बानी के वीडियो, ऑडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल नहीं करने की समझाइश दी गई है। एडवाइजरी में कहा गया है कि कुर्बानी की जगह को चारों ओर से दीवार या टीन शेड से मजबूती से बंद रखें। उक्त जगहों पर जरूरी दवाओं का छिड़काव भी कराएं। कुर्बानी के लिए चयनित स्थानों पर ही कुर्बानी करें। कुर्बानी के जानवर की अनुपयोगी चीजों को सुरक्षित एवं नगरीय निकाय द्वारा रखे कंटेनर या चयनित स्थान पर ही डालें। एडवाइजरी में कहा गया है कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी किसी सूरत में न करें। सरकारी आदेशों का सख्ती से पालन करें। साथ ही कुर्बानी का कोई भी वीडियो, फोटो या ऑडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल न करें।