जालौन, 31 मई । तम्बाकू का सेवन हर व्यक्ति के लिए हानिकारक है। विशेष रुप से महिलाओं को तम्बाकू सेवन से कई प्रकार की दिक्कतें हो सकती हैं।
जिला महिला अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. एके सिंह का कहना है कि तम्बाकू सेवन करने वाली महिलाओं में गर्भपात की समस्या सामान्य महिलाओं की तुलना में अधिक होती है। इसके अलावा तम्बाकू का सेवन करने से महिलाओं में प्रजनन संबंधी विकार और माहवारी से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसलिए सावधान रहने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि लाखों लोग ऐसे हैं, जो किसी न किसी रूप में तम्बाकू का सेवन कर रहे हैं, चाहे वो बीड़ी हो, सिगरेट हो या गुटखा। यही वजह है कि देश में अलग-अलग प्रकार के कैंसर के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा नहीं है कि सिर्फ पुरुष ही तम्बाकू का सेवन करते हैं, बल्कि इसमें महिलाओं की भागीदारी भी कम नहीं है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे-5 के अनुसार जनपद में पन्द्रह वर्ष से ऊपर की आयु के 49.9 प्रतिशत पुरुष और 13.4 प्रतिशत महिलाएं तम्बाकू का सेवन करती हैं।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में बने तम्बाकू नियंत्रण कक्ष में रोजाना आठ से दस मरीज आते हैं। जो लंबे समय से तम्बाकू का सेवन कर रहे होते हैं और उनमें मुंह न खुलने की समस्या सबसे ज्यादा होती है। सलाहकार महेश कुमार ने बताया कि मरीजों की काउंसलिंग कर उनकी तम्बाकू की लत छुड़ाने में मदद की जाती है। उन्हें एक टेबलेट भी दी जाती है जो उनकी लत छोड़ने में मदद करती है। हालांकि किसी भी नशे का सेवन छोड़ने के लिए इच्छाशक्ति मजबूत करने की जरूरत होती है।
तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह का कहना है कि तम्बाकू सेवन के खिलाफ लगातार जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका असर भी दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में महिला पुरुषों ने नशे की लत छोड़ भी दी है। उन्होंने बताया कि लोगों को तम्बाकू के प्रति जागरुक करने के लिए हर साल 31 मई को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। इस साल की थीम वी नीड फूड नो टोबैको यानी हमें भोजन चाहिए, तम्बाकू नहीं रखी गई है।
उन्होंने बताया कि तम्बाकू जानलेवा है। तम्बाकू सेवन करने से हर साल दुनिया में 60 लाख लोग अपनी जान गंवाते हैं। इसका सेवन खुद के साथ दूसरों के लिए भी नुकसानदेय है। तम्बाकू उत्पादों की बिक्री दंडनीय अपराध है। नाबालिगों से बिक्री करने पर धारा 6 (ए) के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। तम्बाकू छोड़ने के लिए टोलफ्री नंबर 1800112356 है।