हरिद्वार, 15 सितंबर । प्रदेश भाजपा प्रवक्ता वीरेंद्र बिष्ट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य के समग्र विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। मुख्यमंत्री धामी के द्वारा राज्य के नौजवानों को रोजगार देने के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगातार प्रयास किया जा रहे हैं।
शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि बिष्ट ने कहा कि बागेश्वर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार की जीत से यह साबित होता है कि भाजपा व मुख्यमंत्री धामी के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने पुलिस प्रशासन को जनता की जवाबदेही के प्रति संवेदनशील बनाया है। जिला स्तर पर कोई भी सरकारी कार्य लंबित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि दिसंबर माह में राज्य में इन्वेस्टर समिट होने वाला है, उसके लिए मुख्यमंत्री ने दिल्ली में उद्योगपतियों को उत्तराखंड आने के लिए आमंत्रित करने का प्रयास प्रारंभ कर दिया है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा ने उत्तराखंड में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाने का निश्चय किया है। अभी वर्तमान में मेरी माटी मेरा देश एक कार्यक्रम चल रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जनप्रतिनिधि और भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ता घर-घर जाकर उनके आंगन व खेत से मिट्टी एकत्र कर और प्रत्येक गांव में कम से कम 75 पौधे लगाकर अमृत वाटिका की स्थापना करने का कार्य सुनिश्चित करेंगे। गांव में पंचप्राण की प्रतिज्ञा करवाना यह इस कार्यक्रम के अंतर्गत किया जाना है। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस कार्यक्रम को प्रत्येक जनपद स्तर पर कार्यकर्ता युवा संकल्प यात्रा रैली निकालकर मनाएंगे।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन में किए गए कार्यों पर जिला स्तर पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। फल वितरण, मिष्ठान वितरण, विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम के साथ एक बड़ा कार्यक्रम देहरादून में हस्तकला से जुड़े हुए लोगों का होने वाला है। इसी तरह 18 सितंबर को युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर का कार्यक्रम किया जाएगा और पहाड़ी जनपदों में जनपद स्तर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
वीरेंद्र बिष्ट ने कहा कि 19 से 24 सितंबर तक आयुष्मान भव कार्यक्रम प्रत्येक विधानसभा में विभिन्न स्थानों पर आयुष्मान भव के स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे। प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम बूथ स्तर पर सुनिश्चित किया जाएगा। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक बूथ पर दीनदयाल की जयंती कार्यक्रम मनाया जाएगा। 26 सितंबर से 1 अक्टूबर तक प्रत्येक बस्तियों में बस्ती संपर्क कार्यक्रम होगा। 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर बस्तियों में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा जनसंपर्क सहभोज जलपान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्य 24 सितंबर से 8 अक्टूबर तक बूथ सशक्तिकरण अभियान कार्यक्रम आरंभ होगा। सांसद, विधायक, जिला एवं प्रदेश पदाधिकारी शक्ति केंद्र पर जाकर प्रत्येक बूथ एवं पन्ना प्रमुख बूथ समिति का सत्यापन मोबाइल ओटीपी के माध्यम से करेंगे, उनसे चर्चा जनसंपर्क पार्टी के कार्यक्रम पर विशेष रूप से फोकस रखा जाएगा।