भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट की चारों निकायों में खाता खोलने को बेताब भाजपा

भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट की चारों निकायों में खाता खोलने को बेताब भाजपा

चित्रकूट,17 अप्रैल ।भगवान श्रीराम की तपोभूमि होने के कारण विश्व प्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ के रूप में विख्यात चित्रकूट में आजादी के बाद से आज तक हुए निकाय चुनाव में केंद्र और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों की सत्ता पर काबिज भाजपा का खाता नहीं खुल सका। इस बार भाजपा निकाय चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में है। जिले की एक नगर पालिका और तीन नगर पंचायतों मेें पार्टी भगवा परचम लहराने को बेताब नजर आ रही है। वहीं विपक्षी दल भाजपा को मात देने के लिए सियासी गुणा-भाग लगाने में जुटे हैं।

अयोध्या में जन्मे भगवान श्री राम ने वनवास काल का सर्वाधिक समय चित्रकूट में व्यतीत किया है। जिसके कारण आस्थावानों की नजर में तपोभूमि चित्रकूट का महत्व अयोध्या से कम नहीं है। भगवान श्री राम के नाम के सहारे विश्व की सबसे बडी पार्टी का खिताब हासिल करने एवं केंद्र और उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम राज्यों में सरकार बनाने वाली भाजपा आजादी के बाद से हुए निकाय चुनाव में चित्रकूट नगर पालिका समेत राजापुर,मानिकपुर नगर पंचायत सीट पर भगवा परचम लहराने में नाकाम रहीं है।निकाय चुनावों में ज्यादातर निर्दलीयों या फिर सपा समर्थित प्रत्याशियों का ही बोलबाला रहा है।

चित्रकूट जिले की कर्वी नगर पालिका सीट पर 1959 में हुए पहले चुनाव में बसंत लाल चेयरमैन बने,इसके बाद 1964 में हुए चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रहे तरौंहा के गोपाल कृष्ण करवरिया ने बाजी मारी। इसके बाद 1971 और 1988 में भी हुए चुनाव में भी गोपाल करवरिया ही चेयरमैन चुने गये। इसके बाद 1995 के चुनाव में शशि देवी वर्मा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चेयरमैन बने। इसके बाद 2000 में हुए चुनाव में एक बार फिर चेयरमैन के पद पर गोपाल कृष्ण करवरिया की वापसी हुई।

इसके बाद 2006 में हुए निकाय चुनाव में सपा प्रत्याशी रहीं लक्ष्मी देवी साहू ने चेयरमैन पद का चुनाव जीता।वहीं 2012 में हुए निकाय चुनाव में गोपाल कृष्ण करवरिया की बहू नीलम करवरिया ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतर कर चेयरमैनी का चुनाव जीता।

वहीं 2017 में हुए निकाय चुनाव में कर्वी नगर पालिका से अध्यक्ष पद के लिए 19 प्रत्याशियों ने नामांकन भरा।जिसमें सपा उम्मीदवार नरेंद्र गुप्ता को 6499 वोट मिले थे। जबकि भाजपा प्रत्याशी रहे जगदीश गुप्ता को 4115 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं बसपा प्रत्याशी रहे राम लखन निषाद को 3199 वोट ही हासिल हुए थे। जबकि निवर्तमान अध्यक्ष नीलम को महज 1460 मत से ही संतोष करना पड़ा था। इसी प्रकार नगर पंचायत मानिकपुर में किसी भी राजनीतिक दल का जादू नहीं चला।यहां निर्दलीय प्रत्याशी विनोद द्विवेदी ने अपना कब्जा जमाया। हैरान करने वाली बात यह रहीं कि मानिकपुर नगर पंचायत से निर्दलीय उम्मीदवार विनोद द्विवेदी सिर्फ 1002 वोट हासिल कर चेयरमैन बने गये। जो कि कुल मतों का 11 प्रतिशत रहा। यहां भाजपा प्रत्याशी महेश केसरवानी को मात्र 773 वोट ही मिले।

सपा के संग्राम सिंह 721 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर और कांग्रेस के रामेश्वर प्रसाद 330 वोटो के साथ चौथे स्थान पर रहे।इसी प्रकार नगर पंचायत राजापुर में सभी राजनीतिक दल बौने साबित हुये। निर्दलीय महिला उम्मीदवार आदर्श मनोज द्विवेदी को सबसे अधिक 2047 वोट मिले और यह चेयरमैन चुनी गई। इन्होंने भाजपा के तत्कालीन जिलाध्यक्ष व प्रत्याशी अशोक जाटव को भारी अंतर से हराया था। भाजपा प्रत्याशी रहे अशोक जाटव को 1437 मत मिले थे। वहीं तीसरे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार संजीव मिश्रा को 1184 वोट मिले थे।

इसके बाद सपा के टिकट से कर्वी नगर पालिका के अध्यक्ष पद का चुनाव जीते नरेंद्र गुप्ता और राजापुर व मानिकपुर नगर पंचायत से निर्दलीय अध्यक्ष बने आदर्श मनोज द्विवेदी व विनोद द्विवेदी ने सूबे की सत्ता पर काबिज योगी सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर कुछ समय बाद भाजपा का दामन थाम लिया। वहीं अब 2023 में हो रहे निकाय चुनाव में भगवा चोला ओढ़ चुके नरेंद्र गुप्ता इस बार भाजपा के टिकट से चेयरमैन का चुनाव लडने का जुगाड़ लगा रहे है। वहीं स्थापना काल से भाजपा का झंडा उठा रहे पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे व पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी आदि भी पार्टी मेें अपनी मजबूत दावेदारी पेश करते नजर आ रहे है।इस बार निकाय चुनाव को चुनौती के रूप में लेते हुए भाजपा जिले की कर्वी नगर पालिका एवं राजापुर,मानिकपुर व नई नगर पंचायत सीट बनी मऊ में भगवा परचम लहराने को बेताब है।

मतदाताओं की संख्या में हुई बढोत्तरी

चित्रकूट जिले में नगर निकाय सीटों में इस बार 2017 के मुकाबले करीब 27325 मतदाता बढ़ चुके हैं। जिसमें नवसृजित मऊ नगर पंचायत में 15135 मतदाता हो चुके हैं। इसी प्रकार चित्रकूट धाम कर्वी नगरपालिका का सीमा क्षेत्र विस्तार होने के बाद 87361 मतदाता है। राजापुर नगर पंचायत क्षेत्र में 21091 मतदाता अपना चेयर मैन चुनेंगे। इसके अलावा मानिकपुर नगर पंचायत में 14326 मतदाता है। इस प्रकार वर्ष 2017 के नगर क्षेत्र के कुल मतदाताओं की संख्या 110588 से बढ़कर 137913 हो गई है।